उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा 2026 के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है। राज्य सरकार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार श्रद्धालु 06 मार्च 2026 को प्रातः 7 बजे से ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं।
इस वर्ष चारधाम के कपाट खुलने की तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं। श्री यमुनोत्री धाम तथा श्री गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल 2026 को खोले जाएंगे। वहीं श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 तथा श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। श्री हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने की तिथि आधिकारिक घोषणा के बाद जारी की जाएगी।
श्रद्धालु अपना पंजीकरण आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in के माध्यम से या Tourist Care Uttarakhand मोबाइल ऐप के जरिए कर सकते हैं। भारतीय श्रद्धालु आधार कार्ड के माध्यम से पंजीकरण कर सकेंगे, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी के जरिए पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
जिन श्रद्धालुओं के पास आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है, उनके लिए पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी भौतिक पंजीकरण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर पंजीकरण सेवा कपाट खुलने से दो दिन पूर्व, 17 अप्रैल 2026 से शुरू होगी।
भौतिक पंजीकरण केंद्र ऋषिकेश में यात्रा पंजीकरण केंद्र एवं ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल ग्राउंड तथा देहरादून के विकास नगर में स्थापित किए जाएंगे।
चारधाम यात्रा से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए श्रद्धालु टोल फ्री नंबर 0135-1364 पर 24×7 संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए यात्रा से पूर्व अनिवार्य रूप से अपना पंजीकरण करवा लें।
