केवल कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, मंगलौर की वाणिज्य की शिक्षिका सोनिया कौशिक को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर द्वारा दिनांक 15 मई को परिषद मुख्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा छात्र-छात्राओं के बोर्ड परीक्षाओं में किसी विषय में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर संबंधित विषय के शिक्षक-शिक्षिका को सम्मानित करने की परंपरा है। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में केवल कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, मंगलौर की छात्रा वैष्णवी द्वारा एकाउंटेंसी विषय में 100 अंक प्राप्त करने पर उनकी शिक्षिका सोनिया कौशिक को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सोनिया कौशिक ने कहा कि केवल कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, मंगलौर की छात्राएं पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी सदैव अग्रणी रहती हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यालय प्रबंधक डॉ. रविंदर कपूर एवं प्रधानाचार्य डॉ. दीपिका सैनी को दिया, जिनकी निरंतर प्रेरणा और मेहनत से विद्यालय का शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम स्तर ऊंचा बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि उनकी प्रेरणा से ही सभी अध्यापिकाएं छात्राओं को बेहतर शिक्षा देने के लिए समर्पित रहती हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम बोर्ड परीक्षाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं खेलकूद में देखने को मिलता है।
सोनिया कौशिक ने छात्रा वैष्णवी, उनकी माता मोनिका शर्मा एवं पिता योगेंद्र कुमार शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अन्य छात्र-छात्राओं को भी वैष्णवी से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें गर्व है कि वे ऐसे प्रतिष्ठित संस्थान का हिस्सा हैं।